नव संकल्प सभा में जुटेंगे लाखों लोग, आरा में होगा ऐतिहासिक आयोजन: हुलास पांडेय


रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, आरा (बिहार)

बिहार की राजनीति एक नए मोड़ पर है और इस मोड़ का गवाह बनेगा भोजपुर जिले का ऐतिहासिक रमना मैदान, जहां 8 जून को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से एक भव्य “नव संकल्प सभा” का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक सभा को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम जनता में जबरदस्त उत्साह है। यह सभा केवल एक राजनैतिक जुटान नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति को एक नई दिशा देने वाला कार्यक्रम साबित होगा।
इस सभा के जरिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” मिशन को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया जाएगा।

शाहाबाद की धरती बनेगी गवाह
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व एमएलसी तथा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पांडेय ने आरा परिषदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि, “शाहाबाद की यह वीर भूमि ऐतिहासिक रही है। यही धरती अब एक बार फिर इतिहास रचेगी। नव संकल्प सभा में शाहाबाद सहित आस-पास के सात जिलों के लाखों कार्यकर्ता, समर्थक और चिराग पासवान के चाहने वाले जुटेंगे।”
उन्होंने कहा कि सभा में किसान, महिलाएं, युवा, मजदूर सभी वर्गों की भागीदारी रहेगी। यह सिर्फ एक राजनैतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव की भूमिका तैयार करने वाला महा आयोजन होगा।

बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” का जनसंकल्प
हुलास पांडेय ने बताया कि चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी लगातार यह प्रयास कर रही है कि बिहार और बिहारी हर क्षेत्र में अग्रणी बने। यही पार्टी का मुख्य मिशन है और इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर नव संकल्प सभा का आयोजन किया जा रहा है।
सभा के दौरान लाखों लोग चिराग पासवान की उपस्थिति में “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” के लिए शपथ लेंगे। यह एक प्रेरणास्पद और जन-जागरण अभियान का हिस्सा है, जो राज्य के विकास, सामाजिक न्याय और युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बनेगा।

जनसंपर्क अभियान जोरों पर
हुलास पांडेय ने बताया कि इस सभा को सफल बनाने के लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। गांव-गांव, गली-गली जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
सभी जगहों पर बैनर, होर्डिंग्स और तोरण द्वार लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का भी भरपूर उपयोग किया जा रहा है। पार्टी के नेताओं के साथ-साथ स्थानीय कार्यकर्ता भी सभाओं और बैठकों के जरिए आम जनता से संवाद कर रहे हैं।

युवाओं में जोश, हर वर्ग में भागीदारी
कार्यक्रम को लेकर खासकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जगह-जगह स्वागत की तैयारियाँ चल रही हैं। पार्टी का दावा है कि इस बार की सभा में सभी वर्गों – चाहे वह किसान हो, मजदूर, व्यापारी, विद्यार्थी या महिला – की भागीदारी होगी।

विपक्ष पर भी साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान हुलास पांडेय ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, “चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने जनता को संविधान के नाम पर गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन अब पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को सच्चाई बताएंगे और गुमराह होने से रोकेंगे। नव संकल्प सभा के बाद एक बड़े जनसंपर्क अभियान की शुरुआत होगी।”

प्रमुख नेता रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता में पार्टी के अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद थे, जिनमें संसदीय बोर्ड के जिलाध्यक्ष राजेश साहू, युवा जिलाध्यक्ष सुशील मौआर, मनोज सिंह, विमलेश सिंह, राहुल रणवीर, निलेश उपाध्याय, मयूर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।

Related Articles

Back to top button