Tuesday , September 17 2024
Breaking News

म्यूटेशन के लिए राजस्व कर्मचारी मांग रहा था पैसा,मामला सामने आने पर डीएम के निर्देश पर एफआईआर दर्ज

डीएम के एक्शन से हल्का कर्मचारियों में भारी हड़कंप, अभी कई कर्मचारी हैं जिला प्रशासन के रडार पर

 

रिपोर्ट : मृत्युंजय कुमार

वैशाली,बिहार : म्यूटेशन के लिए वर्षों से मामले को लटकाने और इसके लिए पैसा मांगने की शिकायत आने पर जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए हाजीपुर अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी संजय कुमार पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। आदेश के बाद अंचलाधिकारी हाजीपुर ने सदर थाना में हल्का कर्मचारी संजय कुमार और उसके बिचौलियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

विदित हो कि संजय कुमार दिग्घी कला (पूर्वी), दिग्घी कला(पश्चिमी) तथा बिशनपुर बालाधारी के हल्का कर्मचारी है। इस हल्का कर्मचारी के विरुद्ध जिला प्रशासन को बहुत दिनों से शिकायत मिल रही थी। आज जनता दरबार में आवेदक ठाकुर सोनू कुमार सिंह का आवेदन और उसके साथ दो वीडियो क्लिप प्राप्त होने के बाद तत्क्षण जिला पदाधिकारी इसे जांच के लिए हाजीपुर के सीओ को आदेश दिया। जांच में हल्का कर्मचारी द्वारा म्यूटेशन के लिए पैसा मांगने की बात की पुष्टि हुई। इसके बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अंचल अधिकारी ने सदर थाना, हाजीपुर में कर्मचारी संजय कुमार पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। साथ ही इस हल्का कर्मचारी के साथ जुड़े बिचौलियों पर भी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है|

जिला पदाधिकारी के इस कार्रवाई के बाद हल्का कर्मचारियों एवं अन्य कर्मियों में हड़कंप मच गई है। मालूम हो कि अभी ऐसे कई कर्मचारी हैं, जो जिला प्रशासन के रडार पर हैं। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रशासन भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस पर काम कर रहा है। दोषियों और लापरवाह कर्मी नपेंगे। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Karmakshetra TV अब Google News पर भी !