बड़हरा के घांघर मिल्की गांव में माई-बहिन मान योजना को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं में दिखा उत्साह

रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, आरा (बिहार)
बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के उद्देश्य से प्रस्तावित “माई-बहिन मान योजना” को लेकर गुरुवार को भोजपुर जिले के बड़हरा विधानसभा अंतर्गत घांघर मिल्की गांव में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस युवा अध्यक्ष डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया और उपस्थित ग्रामीण महिलाओं को योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि माई-बहिन मान योजना महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि जैसे ही महागठबंधन की सरकार बिहार में बनती है, इस योजना को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया जाएगा। इसके तहत राज्य की सभी योग्य महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में दी जाएगी, जिससे वे अपनी बुनियादी जरूरतें खुद पूरी कर सकें।
उन्होंने कहा कि जहां भी कांग्रेस की सरकार है, वहां यह योजना सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है और लाखों महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, मजदूर और महिलाओं की आवाज बनकर खड़ी रही है और यह योजना उसी सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिंह ने ग्रामीण महिलाओं से संवाद किया और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि माई-बहिन मान योजना सिर्फ वादे नहीं, एक मजबूत इरादे के साथ लाई जा रही है ताकि सामाजिक और आर्थिक बदलाव संभव हो सके।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं और महागठबंधन समर्थकों में काफी उत्साह और विश्वास देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय महिलाएं और ग्रामीण इस जागरूकता अभियान में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में योजना के प्रति समर्थन जताया और इसे लागू करने की मांग की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में भाग लेने वालों में प्रमुख रूप से
कमल पासवान, मोहम्मद तमन्ना, जनार्दन पासवान, मोहम्मद हिमायू, पारसनाथ यादव, हरेंद्र सिंह, चंद्रिका शाह, प्रभु यादव, परमात्मा यादव, अशोक पासवान, महेश पासवान, मोहम्मद जसमैन अंसारी, रविंद्र सिंह, चंदन पांडे, मंटू यादव, शत्रुघ्न यादव, ललू यादव, निर्मल राम, राजू मियां, राम लखन पासवान, बसरु मियां, नौशाद आलम, हरेंद्र पासवान, श्याम बाबू पासवान आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को “माई-बहिन मान योजना” की जानकारी देकर उन्हें जागरूक और सशक्त बनाना था, जो पूरी तरह सफल रहा। डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि आने वाले समय में हर पंचायत स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि योजना की जानकारी हर घर तक पहुंच सके।
यदि राज्य की जनता ने कांग्रेस और महागठबंधन पर भरोसा जताया, तो “माई-बहिन मान योजना” सिर्फ सपना नहीं, एक सार्थक हकीकत बनकर हर घर की महिलाओं का जीवन बदल देगी।