जोरवरपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय विवाद में प्रधानाध्यापक का आया बयान, अपने ऊपर लगे आरोपों को किया खारिज

रिपोर्ट – तारकेश्वर प्रसाद, आरा, बिहार

भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरवरपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हुए मारपीट के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस विवाद में अब स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

प्रेस वार्ता कर दी सफाई

प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने आनंद नगर स्थित बुद्धिजीवी पुस्तकालय परिसर में प्रेस वार्ता कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद और साजिश के तहत लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में उनके साथ जो घटना घटी है वह निंदनीय है।

प्रधानाध्यापक ने वार्ड पार्षद पर लगाए गंभीर आरोप

प्रेस वार्ता में प्रधानाध्यापक ने गांव के वार्ड पार्षद और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गांव के वार्ड पार्षद ने लगभग 10 लोगों के साथ स्कूल में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी आंख और जान बाल-बाल बची। उन्होंने बताया कि अगर गांव के कुछ बुद्धिजीवी वहां समय रहते नहीं पहुंचते तो उनकी जान भी जा सकती थी।

बताया- राजनीतिक साजिश का शिकार

प्रधानाध्यापक ने कहा कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है। वार्ड पार्षद और उनके समर्थकों द्वारा मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है ताकि मेरी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षद ने ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर विद्यालय में धरना-प्रदर्शन भी करवाया, जो बिल्कुल गलत और अनुचित था।

पुलिस प्रशासन से की सुरक्षा की मांग

प्रधानाध्यापक ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे इस घटना से काफी चिंतित और डरे हुए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि घटना के संबंध में दर्ज प्राथमिकी में जिन-जिन लोगों का नाम है, उन पर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में उनके ऊपर किसी भी प्रकार का जानलेवा हमला होता है, तो इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन और पुलिस की होगी।

मामला गरमाया, जांच में जुटी पुलिस

गौरतलब है कि जोरवरपुर गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हाल ही में मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में सच्चाई क्या निकलकर सामने आती है।

Related Articles

Back to top button