संभल में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, चंदौसी चौराहे पर लगेगी पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा

Report By : रजत मल्होत्रा

संभल : जिले में प्रशासन ने शहर को जाम से मुक्त और सुंदर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शहर के प्रमुख चंदौसी चौराहे पर सोमवार को नगर पालिका और प्रशासन की टीम ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। यह अभियान यातायात को बेहतर बनाने और सड़क चौड़ीकरण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

कार्रवाई की शुरुआत चौराहे की नाप-तौल और सीमाएं तय करने के साथ हुई। इसके बाद दो दर्जन के करीब दुकानों और भवनों को लाल रंग से चिन्हित किया गया। चिन्हित किए गए निर्माणों को बुलडोजर की मदद से गिरा दिया गया। प्रशासन की योजना के अनुसार चंदौसी चौराहे को अब 45 फीट तक चौड़ा किया जाएगा। इससे लोगों को आवाजाही में आसानी होगी और यातायात अधिक व्यवस्थित हो पाएगा।

नगर पालिका परिषद संभल के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) डॉ. मणि भूषण तिवारी ने बताया कि शहर को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पहले से ही स्वीकृत था और अब उस पर तेजी से काम किया जा रहा है। डॉ. तिवारी के अनुसार, इस अभियान में पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग, तहसील प्रशासन, नगर पालिका और विनिमय क्षेत्र की टीमें मिलकर काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, नालियों और नालों पर किए गए सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे। इसके लिए पहले चिन्हित करने और मुनादी कराने का काम किया जा रहा है। इसके बाद नोटिस देकर अंतिम कार्रवाई की जाएगी। चंदौसी चौराहे से हयात नगर तक यह अभियान जारी रहेगा।

प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है, बल्कि शहर के सौंदर्य को भी बढ़ाना है। इसी योजना के तहत चंदौसी चौराहे पर महान योद्धा पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही महारानी अहिल्याबाई और भगवान परशुराम की प्रतिमाएं भी लगाई जाएंगी।

डॉ. मणि भूषण तिवारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे नगर पालिका का सहयोग करें और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं। उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सभी की भागीदारी आवश्यक है।

यह अभियान आने वाले समय में संभल शहर की तस्वीर बदल सकता है। बेहतर सड़कें, कम जाम और सुंदर चौराहे न केवल नागरिकों के जीवन को सरल बनाएंगे, बल्कि शहर की छवि को भी निखारेंगे।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button