लखनऊ में पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, 4192.34 लाख रुपये की 15 परियोजनाओं को मिली मंजूरी


मंदिरों के सौंदर्यीकरण, घाटों के निर्माण और ऐतिहासिक स्थलों के विकास पर विशेष फोकस, कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश


उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राजधानी लखनऊ में पर्यटन विकास, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और नदी घाटों के निर्माण को लेकर बड़ी पहल की गई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए पर्यटन विभाग द्वारा राज्य सेक्टर की कुल 4192.34 लाख रुपये लागत की 15 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। ये सभी योजनाएं माननीय जनप्रतिनिधियों एवं राज्य सरकार के प्रस्ताव पर तैयार की गई हैं, जिनका उद्देश्य लखनऊ के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा देना है।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं से लखनऊ के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, संरचनात्मक विकास और पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

प्रमुख स्वीकृत परियोजनाएं इस प्रकार हैं:

  • महाराजा बिजली पासी किला – फसाड वॉल के निर्माण और पर्यटन विकास हेतु 492.79 लाख रुपये की परियोजना
  • बाराही देवी मंदिर, रहीमाबाद मॉल रोड – 68.24 लाख रुपये, प्रस्तावक: श्री राम चंद्र सिंह प्रधान
  • रेतेश्वर महादेव मंदिर, सरोजनीनगर – 93.43 लाख रुपये, प्रस्तावक: डॉ. राजेश्वर सिंह, मा. विधायक

उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक द्वारा प्रस्तावित परियोजनाएं:

  • पंचमुखी हनुमान मंदिर, मलिहाबाद – सौंदर्यीकरण हेतु 99.13 लाख रुपये
  • हनुमंत धाम मंदिर – पर्यटन विकास हेतु 214.76 लाख रुपये

अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं:

  • बुद्धेश्वर महादेव मंदिर (सीताकुंड), आलमनगर231.75 लाख रुपये, प्रस्तावक: श्री के.पी. सिंह
  • जयदेवी, मा. विधायक द्वारा प्रस्तावित परियोजना101.05 लाख रुपये
  • नानक शाही मठ, गोमतीनगर – पर्यटन विकास हेतु 98.59 लाख रुपये, प्रस्तावक: श्री नीरज बोरा
  • मनकामेश्वर मंदिर, डालीगंज – 99.13 लाख रुपये, प्रस्तावक: श्री मुकेश शर्मा, सदस्य विधान परिषद
  • सई नदी घाट निर्माण, सरोजनीनगर – 199.62 लाख रुपये, प्रस्तावक: डॉ. महेन्द्र सिंह
  • पर्यटन भवन, गोमतीनगर का उच्चीकरण – 959.385 लाख रुपये, प्रस्ताव: पर्यटन निदेशालय

विशेष पर्यटन पहलें:

मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश के निर्देशन में लखनऊ स्थित स्मृतिका वॉर मेमोरियल में लेज़र लाइट एंड साउंड शो की परियोजना को 894.96 लाख रुपये की धनराशि से मंजूरी दी गई है।

इसके अतिरिक्त, क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय द्वारा:

  • रैदाश मंदिर, अलीगंज के पर्यटन विकास हेतु – 464.55 लाख रुपये
  • तथागत बुद्ध बिहार, सरोजनीनगर के लिए – 75.10 लाख रुपये

पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश परियोजनाएं उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के माध्यम से क्रियान्वित की जाएंगी, जबकि महाराजा बिजली पासी किले की लाइटिंग का कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराया जाएगा।

इन परियोजनाओं के माध्यम से लखनऊ न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध होगा, बल्कि यह घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षक गंतव्य बनेगा।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button