आरा में वीजा पर रह रहीं दो पाकिस्तानी महिलाएं, इनकी कहानी आपको हैरान कर देगी

Report By : तारकेश्वर प्रसाद
आरा बिहार : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने देश में रह रहे सभी पाकिस्तानियों को देश छोड़ने का निर्देश दिया है। इस फैसले के बाद पूरे देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों में बेचैनी बढ़ गई है। भोजपुर जिले के आरा में भी दो पाकिस्तानी महिलाएं वीजा पर कई वर्षों से रह रही हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज ने जानकारी दी कि भोजपुर जिले के शाहपुर क्षेत्र के कनैला गांव में आसरी बेगम और कोईलवर क्षेत्र में आंसमा नामक पाकिस्तानी महिला लंबे समय से वीजा पर रह रही हैं।
एसपी ने बताया कि आसरी बेगम का वीजा वर्ष 2032 तक वैध है जबकि आंसमा का वीजा वर्ष 2027 तक मान्य है। कोईलवर के वसीर अहमद के बेटे आमिर ने पाकिस्तान के कराची शहर की रहने वाली आंसमा से अक्टूबर 2018 में निकाह किया था। इसके बाद आंसमा 22 जुलाई 2019 को 60 दिन के वीजा पर भारत आई थीं और अपने पति के साथ भोजपुर के कोईलवर में रहने लगी थीं। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस पाकिस्तान चली गईं। फिर 2020 में 45 दिन के वीजा पर वह फिर से भारत आईं। इसके बाद 16 सितंबर 2022 को वह वापस पाकिस्तान गईं और 5 दिसंबर 2022 को फिर भारत लौट आईं। तब से वह यहीं रह रही हैं। उनका पासपोर्ट 2027 तक वैध है और वह कानूनी रूप से वीजा पर भारत में निवास कर रही हैं।
दूसरी तरफ, शाहपुर के कनैला गांव में रहने वाली आसरी बेगम की कहानी भी काफी दिलचस्प है। आसरी बेगम पाकिस्तान की नागरिक हैं और करीब 30 वर्षों से भारत में वीजा बढ़ाते-बढ़ाते रह रही हैं। आसरी बेगम की शादी आलमगीर कुरैशी से हुई थी, जो कनैला गांव के रहने वाले हैं। उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा है। दो बेटियों की शादी भी भारत में ही हो चुकी है।
आसरी बेगम की भारत आने की कहानी वर्ष 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन से जुड़ी है। उस समय कनैला और रानीसागर गांव से कई परिवार पाकिस्तान चले गए थे। 1995 के आसपास इन्हीं में से कुछ परिवार एक शादी में शामिल होने के लिए दो महीने के वीजा पर भारत आए थे। इस दौरान आसरी बेगम और आलमगीर कुरैशी का निकाह हुआ था। निकाह के बाद से आसरी बेगम भारत में ही रह रही हैं।
आसरी बेगम और उनके पति ने कई बार गृह मंत्रालय को भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन दिया है, लेकिन अभी तक उन्हें नागरिकता नहीं मिली है। हालांकि, उनके वीजा की अवधि हर बार बढ़ती रही है, जिसकी वजह से वह कानूनी तौर पर भारत में रह रही हैं।
अब जब सरकार ने पाकिस्तानियों को देश छोड़ने का निर्देश दिया है, तो इन दोनों महिलाओं के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने दोनों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है और उनके वीजा तथा अन्य कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है। इस बीच, स्थानीय लोग भी इस पूरी घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं और दोनों महिलाओं की वर्षों पुरानी कहानियों को जानकर हैरान हैं।