मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 11690 आश्रित परिवारों को मिली 561.86 करोड़ की राहत राशि, लाइव प्रसारण में मधुबन विधायक व जिलाधिकारी रहे मौजूद


रिपोर्ट: आसिफ अंसारी

उत्तर प्रदेश के किसानों के कल्याण हेतु एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदेशभर के 11,690 आश्रित परिवारों को कुल ₹561.86 करोड़ की आर्थिक सहायता राशि का वितरण किया। यह वितरण जनपद अंबेडकरनगर से किया गया, जिसका लाइव प्रसारण मऊ कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहाँ मधुबन विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री रामविलास चौहान और जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्रा ने सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने पीड़ित किसानों के परिवारों को दी संवेदना और सहायता
लाइव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार आपदा में पीड़ित किसानों के साथ है और हर संभव सहायता प्रदान करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कृषकों की मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में उनके परिवारों को आर्थिक संकट से उबारने के लिए यह योजना संजीवनी का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली सहायता राशि का विवरण इस प्रकार है:
कृषक की मृत्यु या पूर्ण शारीरिक अक्षमता पर – ₹5 लाख
दोनों हाथ, दोनों पैर या दोनों आंखों की क्षति पर – ₹5 लाख
एक हाथ व एक पैर के क्षतिग्रस्त होने पर – ₹5 लाख
एक हाथ, एक पैर या एक आंख की क्षति पर – ₹2.5 लाख
50% से 100% स्थायी दिव्यांगता पर – ₹2.5 लाख
25% से 50% स्थायी दिव्यांगता पर – ₹1.25 लाख
मुख्यमंत्री जी ने बताया कि 2017 से पहले राज्य में युवाओं को नौकरी पाने के लिए घूस देनी पड़ती थी, लेकिन अब योग्यता के आधार पर नौकरियाँ मिल रही हैं। साथ ही पुलिस और राजस्व विभाग समेत अन्य विभागों को भी जवाबदेह बनाकर जनसेवा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश गुंडाराज और माफियाओं का गढ़ माना जाता था, लेकिन आज यह राज्य शांति, सुरक्षा और विकास का प्रतीक बन चुका है।

मऊ जनपद के 20 लाभार्थियों को वितरित हुए प्रतीकात्मक चेक
कार्यक्रम के उपरांत विधायक श्री रामविलास चौहान एवं जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्रा द्वारा जनपद मऊ के विभिन्न क्षेत्रों से आए 20 लाभार्थी परिवारों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। यह उन परिवारों के लिए राहत की घड़ी थी, जिन्होंने आपदा में अपने परिवार के मुख्य आधार को खोया।

विधायक ने जताया आभार, योजनाओं को बताया परिवर्तनकारी
अपने संबोधन में मधुबन विधायक श्री रामविलास चौहान ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों का आभार जताते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश किसानों, गरीबों और जरूरतमंदों के हित में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से मऊ जिले के सैकड़ों परिवारों को संबल प्राप्त हुआ है, और साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ पात्र लोगों को सुनिश्चित किया जा रहा है।
विधायक चौहान ने कहा कि वर्तमान सरकार आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेकर ज़मीनी स्तर पर समाधान कर रही है। आज देशभर में उत्तर प्रदेश की पहचान एक उन्नत, विकसित और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था के रूप में हो रही है, जिसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है।

प्रशासनिक अधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री सत्यप्रिय सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कई लाभार्थी परिवारों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को प्रभावी, संवेदनशील और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।

Related Articles

Back to top button