भोजपुर में जमीन विवाद को लेकर हिंसा: ज्योतिषी को मारी गोली, हालत नाजुक


रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, आरा (बिहार)

बिहार के भोजपुर जिले में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का है, जहां महज 15 डिसमिल जमीन के विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। अपराधियों ने इस विवाद में एक ज्योतिषी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोली लगने से घायल व्यक्ति की पहचान चासी गांव निवासी 55 वर्षीय विनोद कुमार पांडेय के रूप में हुई है। वे पिछले एक दशक से नवादा क्षेत्र के बाजार समिति के पास रहकर ज्योतिष का कार्य कर रहे थे और स्थानीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित ज्योतिषाचार्य के रूप में जाने जाते हैं।

पेट में लगी गोली, ऑपरेशन से निकाली गई बुलेट
घटना के तुरंत बाद घायल विनोद पांडेय को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ सर्जन डॉ. विकास सिंह के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने तत्काल ऑपरेशन किया। डॉक्टर सिंह ने जानकारी दी कि गोली लगने से पीड़ित के लिवर और छोटी आंत को काफी नुकसान पहुंचा है। ऑपरेशन के दौरान बुलेट को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया है, लेकिन मरीज को अभी ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और हालत नाजुक बनी हुई है।

जमीन विवाद बना वजह
सूत्रों की मानें तो विवादित जमीन लगभग 15 डिसमिल है, जिसे लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। इसी कड़ी में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अपराधियों ने विनोद पांडेय को निशाना बना डाला। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस जुटी जांच में, गिरफ्तारी का दावा
नारायणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के पीछे के कारणों की तहकीकात की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है और शक के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पुराना भूमि विवाद ही इस हमले की मुख्य वजह है।

क्षेत्र में दहशत, लोगों में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं ने आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button