मोदी 3.0 के 100 दिन पूरे: गृह मंत्री अमित शाह ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, गिनाईं सरकार की अहम उपलब्धियां


दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिनों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया, जिसमें उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया। शाह ने बताया कि इन 100 दिनों में लगभग 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है।

रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए गृह मंत्री ने एक बुकलेट भी लॉन्च की, जिसमें सरकार के पहले 100 दिनों के कामकाज का विवरण है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि देश की कई संस्थाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को “सेवा पखवाड़ा” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलेगा, जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता जरूरतमंद लोगों की मदद करेंगे। शाह ने पीएम मोदी के संघर्ष और सफलता की कहानी बताते हुए कहा कि एक गरीब परिवार में जन्म लेने वाले मोदी आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री हैं। 15 विभिन्न देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाज़ा है, और 140 करोड़ भारतीय उनकी लंबी उम्र की कामना कर रहे हैं।

शाह ने कहा कि बीते 10 वर्षों में मोदी सरकार ने भारत के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीबों के कल्याण के लिए अथक प्रयास किए हैं। इसी के परिणामस्वरूप भाजपा और उसके सहयोगियों को लगातार तीसरी बार जनता का जनादेश मिला है। यह ऐतिहासिक निर्णय मोदी को पिछले 60 वर्षों में तीन बार देश की बागडोर संभालने वाला पहला नेता बनाता है। उन्होंने कहा कि 60 साल बाद पहली बार देश में राजनीतिक स्थिरता और नीति सततता का वातावरण बना है। लगातार 10 वर्षों तक नीतियों की दिशा, गति और क्रियान्वयन को सटीकता से बनाए रखते हुए 11वें वर्ष में प्रवेश करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है।

गृह मंत्री ने इस दौरान भारत की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा में सरकार की बड़ी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश की रक्षा प्रणालियों को मजबूत किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप भारत अब एक सुरक्षित राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब मेक इन इंडिया की शुरुआत हुई थी, तो कई लोगों ने इसका मज़ाक उड़ाया था, लेकिन आज भारत विश्व का सबसे पसंदीदा विनिर्माण केंद्र बन गया है।

शाह ने बताया कि इन 100 दिनों को 14 स्तंभों में बांटा गया है और लगभग 3 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का कार्यान्वयन शुरू हो गया है। महाराष्ट्र के वधवान में 76 हजार करोड़ रुपये की लागत से एक मेगा पोर्ट बनाया जा रहा है, जो जल्द ही विश्व के 10 प्रमुख बंदरगाहों में शुमार होगा।

शाह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अमृतकाल की शुरुआत हो चुकी है, जिसमें 140 करोड़ लोग भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का हिस्सा बने हैं। उन्होंने 100 दिनों में 49 हजार करोड़ रुपये की लागत से 25 हजार गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने की योजना की भी घोषणा की। इसके साथ ही, 50,600 करोड़ रुपये की लागत से देश की प्रमुख सड़कों को और बढ़ाने का फैसला किया गया है।

गृह मंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान योजना के तहत 17वीं किस्त में 9.5 करोड़ किसानों को 20 हजार करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। अब तक 12 करोड़ 33 लाख किसानों को कुल 3 लाख करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने बासमती चावल के निर्यात पर लगे न्यूनतम मूल्य को हटाने और प्याज पर निर्यात शुल्क को 40% से घटाकर 20% करने की घोषणा भी की।

मध्यम वर्ग के लिए सरकार ने कई राहतें दी हैं। अब 7 लाख रुपये तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। साथ ही, वन रैंक वन पेंशन का तीसरा संस्करण भी लागू कर दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 3 करोड़ घर स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से एक करोड़ घर शहरी क्षेत्रों में और दो करोड़ घर ग्रामीण इलाकों में बनेंगे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!