रोजगार नियोजन शिविर में 27 अभ्यर्थियों का चयन, युवाओं को मिला निजी क्षेत्र में अवसर

विशेष संवाददाता बिहार| कर्मक्षेत्र टीवी
सीवान: बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला नियोजनालय, सीवान द्वारा ग्रीन व्यू एजुकेशनल एंड स्किल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मैरवा धाम के परिसर में एक विशेष रोजगार नियोजन शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।
इस रोजगार शिविर में जिले के युवाओं की काफी उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। शिविर में दो प्रमुख निजी कंपनियों—चैतन्य इंडिया माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, सिवान तथा एससीएम गारमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड—ने भाग लिया और विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।
चैतन्य इंडिया माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एसएफओ (SFO) पद के लिए अभ्यर्थियों का इंटरव्यू आयोजित किया गया। कंपनी को कुल 36 बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें से योग्यता, अनुभव और साक्षात्कार के आधार पर 15 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित युवाओं को कंपनी की ओर से शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया गया।
वहीं एससीएम गारमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा टेलर, पैकर, चौकीदार, आयरनमैन एवं कटिंग जैसे विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया गया। इस कंपनी को कुल 92 बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें से 12 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई।
यह विशेष रोजगार नियोजन शिविर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 03 बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने शिविर में पहुंचकर साक्षात्कार में भाग लिया और रोजगार के अवसर का लाभ उठाया। युवाओं में नौकरी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर चैतन्य इंडिया कंपनी के एचआर रवीश कुमार सिंह, एससीएम गारमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की एचआर पूनम कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह, प्रधान सहायक विनोद कुमार, डीएसएम कामेश्वर कुमार, डीएसएम राहुल कुमार सहित जिला नियोजनालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के रोजगार नियोजन शिविर जिले के युवाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं। इससे युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और निजी क्षेत्र में सीधी भर्ती की प्रक्रिया सरल हो रही है। अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किए जाने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।





