गाजीपुर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: दीपावली से पहले 11 खाद्य नमूने संग्रहित, 9 लाख से अधिक मूल्य का घी और मिठाइयाँ सीज

Report By: आसिफ़ अंसारी
गाजीपुर : दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्व के मद्देनज़र जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेश तथा अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार के निर्देशन में जनपद गाजीपुर में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले भर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए कुल 11 नमूने एकत्र किए और बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री सीज की।
जांच के दौरान टीम ने विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों से खोया, छेना, देसी घी और रंगीन चटनी जैसे उत्पादों के नमूने लिए। अभियान के तहत 150 किलोग्राम खोया (अनुमानित मूल्य ₹45,000), 15 किलोग्राम छेना मिठाई (मूल्य ₹3,600) और 50 किलोग्राम रंगीन चटनी (मूल्य ₹5,000) को सीज कर नष्ट किया गया। इसके अलावा 1439 किलोग्राम देसी घी (ब्रांड–प्रेम जी) जिसका अनुमानित मूल्य ₹9,35,350 है, भी सीज किया गया।
खोया मंडी सैदपुर स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों से खोया और मिठाइयों के नमूने लिए गए। इनमें विन्ध्यांचल यादव, जवाहर लाल, प्रभुनाथ यादव (जय मां काली स्वीट्स), रामकरन यादव (रामकरन यादव स्वीट हाउस), संदीप मोदनवाल (बंगाली स्वीट्स), दीपक यादव (जय मां काली स्वीट्स), अजय जायसवाल (जायसवाल स्वीट्स) और विपुल जायसवाल (श्री बालाजी स्वीट्स हाउस) के प्रतिष्ठान शामिल रहे।
इसके अलावा टेढ़ी बाजार, मारकीनगंज स्थित अग्रवाल स्वीट्स के विनिर्माण प्रतिष्ठान ‘ए.एस. अग्रवाल इंटरप्राइजेज प्रा. लि.’ से खोया, छेना और देसी घी के नमूने लिए गए। जांच में संदिग्ध पाए जाने पर मौके पर ही बड़ी मात्रा में घी सीज किया गया।
संग्रहित सभी नमूने खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश को परीक्षण हेतु भेजे जा रहे हैं। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह प्रवर्तन कार्रवाई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सैदपुर, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता और सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 रमेश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में की गई। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्ता, पंकज कुमार कन्नौजिया, अरविंद प्रजापति, धनंजय सिंह, विरेंद्र यादव और बिपिन कुमार गिरी शामिल रहे।
गाजीपुर प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य आगामी त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी प्रकार की मिलावट से जनस्वास्थ्य प्रभावित न हो सके।