बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 की शुरुआत

संवाददाता: तारकेश्वर प्रसाद| कर्मक्षेत्र टीवी
आरा: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 की शुरुआत आज भोजपुर जिले में शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त माहौल में हो गई। जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुदृढ़ व्यवस्था के बीच जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई जा रही है। यह परीक्षा 02 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 13 फरवरी 2026 तक चलेगी, जिसमें हजारों परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
भोजपुर जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा के आयोजन हेतु कुल 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में संचालित की जा रही है। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 9:30 बजे से अपराह्न 12:45 बजे तक जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से सायं 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा समय से परीक्षार्थियों के प्रवेश, जांच और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है।
परीक्षा को सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिला दंडाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक भोजपुर श्री राज के निर्देशों के आलोक में उप विकास आयुक्त भोजपुर ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी स्तर पर कदाचार, अनुशासनहीनता या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और उड़नदस्तों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को तुरंत रोका जा सके।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें तथा केवल प्रवेश पत्र एवं अनुमन्य सामग्री ही साथ लेकर आएं। साथ ही अभिभावकों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सके। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि भोजपुर जिले में इंटर परीक्षा 2026 पूरी तरह कदाचार-मुक्त और पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी।





