भोजपुर जिले के लापता शिक्षक कमलेश राय मामले में सीबीआई ने घोषित किया इनाम

संवाददाता: तारकेश्वर प्रसाद|कर्मक्षेत्र टीवी


भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्ह रामपुर गांव निवासी शिक्षक कमलेश राय के अपहरण की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है। 13 जुलाई 2023 से लापता शिक्षक कमलेश राय का कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से न केवल परिजन बल्कि पूरा इलाका चिंतित है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है, जिसने जांच को आगे बढ़ाते हुए बड़ा कदम उठाया है।

सीबीआई जांच के दौरान इस मामले में एक अहम कार्रवाई करते हुए लखीसराय जिले में पदस्थापित भोजपुर जिले की महिला दरोगा अंजली कुमारी को गिरफ्तार किया गया है। महिला दरोगा की गिरफ्तारी के बाद जांच में कई नए बिंदुओं पर काम शुरू हुआ है। सीबीआई को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से मामले की परतें खुलेंगी और शिक्षक कमलेश राय के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी।

इसी क्रम में सीबीआई ने लापता शिक्षक कमलेश राय की जानकारी देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है। सीबीआई के पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित इनाम के तहत शिक्षक कमलेश राय के बारे में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। वहीं, उनकी मोटरसाइकिल के संबंध में सही जानकारी देने वाले को 1 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।

सीबीआई की ओर से इस इनाम की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जगह-जगह पोस्टर चिपकाए गए हैं। पोस्टरों के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि यदि किसी को भी शिक्षक कमलेश राय या उनकी मोटरसाइकिल के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो वह सीबीआई को सूचित करें। सीबीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बताया जा रहा है कि शिक्षक कमलेश राय के अपहरण के बाद लंबे समय तक स्थानीय स्तर पर जांच चलती रही, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। इसके बाद परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद यह मामला सीबीआई को सौंपा गया। अब सीबीआई जांच के बाद इनाम की घोषणा से मामले में नई गति आई है।

लगभग ढाई साल बीत जाने के बाद भी शिक्षक कमलेश राय का कोई सुराग न मिलने से परिजन बेहद परेशान और व्यथित हैं। हालांकि, सीबीआई द्वारा जांच संभालने और अब इनाम की घोषणा किए जाने के बाद परिजनों को न्याय की एक नई उम्मीद जगी है। परिजनों का कहना है कि उन्हें भरोसा है कि सीबीआई जांच के जरिए जल्द ही उनके प्रियजन के बारे में सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को सजा मिलेगी।

सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद पूरे भोजपुर जिले में यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इनाम की घोषणा के बाद क्या कोई ठोस जानकारी सामने आती है और लापता शिक्षक कमलेश राय का रहस्य आखिरकार कब सुलझता है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!