प्रेम-प्रसंग बना खूनी संघर्ष..

रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, आरा, बिहार

आरा: बिहार के भोजपुर जिले में प्रेम-प्रसंग का एक मामला बुधवार को खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। ख्वासपुर थाना क्षेत्र के कचहरी के टोला गांव स्थित बधार में एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के पति पर सरेआम फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया।

घटना बुधवार की शाम की है जब ख्वासपुर थाना क्षेत्र के कचहरी के टोला गांव निवासी स्वर्गीय बहारन बिंद का 25 वर्षीय पुत्र धनपत कुमार अपनी पत्नी सरस्वती देवी के साथ गुजरात के सूरत जाने की तैयारी में था। इस दौरान जब वह अपनी पत्नी के साथ गांव से निकलकर नदी के पास पहुंचा, तभी आरोपी युवक सोनू राय (निवासी: हिरखी पिपरा, थाना बहोरनपुर) अपाचे बाइक से वहां पहुंचा।

धनपत के अनुसार, सोनू पहले तो बाइक लेकर आगे बढ़ गया लेकिन सौ मीटर की दूरी पर जाकर वह पलटा और सीधे उनके पास आकर बाइक रोक दी। इसके बाद कमर से देशी कट्टा निकालकर उस पर फायरिंग कर दी। गोली से निकले छर्रे धनपत के दाहिने आंख और कान के पास लगे, जिससे वह घायल हो गया। उसे फौरन इलाज के लिए मनीछपरा स्थित बड़हरा पीएचसी ले जाया गया।

घटना के पीछे एक दर्दनाक प्रेम-त्रिकोण की कहानी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, घायल धनपत कुमार की शादी एक माह पूर्व शाहपुर थाना क्षेत्र के होरिल छपरा गांव निवासी सरस्वती देवी से हुई थी। शादी से पहले सरस्वती का संबंध सोनू राय से था, जो उसी थाना क्षेत्र के हिरखी पिपरा गांव का रहने वाला है। शादी के बाद भी सोनू लगातार सरस्वती से मिलने के लिए उसके ससुराल आता-जाता रहा।

जैसे ही सोनू को यह जानकारी मिली कि सरस्वती अब अपने पति के साथ गुजरात के सूरत जा रही है, वह उग्र हो गया और बदले की भावना से बुधवार को कचहरी के टोला गांव पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ख्वासपुर थानाध्यक्ष संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल से पूछताछ कर पूरी जानकारी लेने के बाद खवासपुर व बहोरनपुर थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने गुरुवार को छापेमारी कर आरोपी सोनू राय को हिरखी पिपरा गांव से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। हथियार की बरामदगी के आधार पर बहोरनपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

घायल धनपत कुमार ने सोनू राय के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने बताया कि सोनू ने जानलेवा हमला कर उसे और उसकी पत्नी को जान से मारने की कोशिश की। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!