सीवान में 21 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगमन

विशेष संवाददाता बिहार

नए साल के पहले ही महीने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तहत सीवान आगमन की आधिकारिक घोषणा होते ही जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सारण प्रमंडल के अंतर्गत गोपालगंज के बाद 21 जनवरी को मुख्यमंत्री के सीवान पहुंचने की तिथि जैसे ही फाइनल हुई, जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियों को युद्धस्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है। डीएम स्वयं वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संभावित कार्यक्रम स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और समीक्षा बैठकों के माध्यम से तैयारियों की प्रगति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर कोई कमी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिले में प्रगति यात्रा और सात निश्चय योजना से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं के स्थलों का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही शहर के राजेन्द्र स्टेडियम में एक भव्य जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री आम जनता से सीधा संवाद करेंगे। इस जनसंवाद कार्यक्रम में जिले की प्रमुख समस्याओं, विकास योजनाओं की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही मुख्यमंत्री जिला स्तरीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर डीएवी पीजी कॉलेज परिसर में प्रस्तावित हेलिपैड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। हेलिपैड स्थल को समतल करने, बैरिकेडिंग लगाने, अस्थायी शेड निर्माण, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के समय किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

वहीं जनसंवाद कार्यक्रम के लिए चयनित राजेन्द्र स्टेडियम में भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पंडाल निर्माण, मंच सज्जा, साउंड सिस्टम की व्यवस्था, बैठने की पर्याप्त सुविधा, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन हर छोटे-बड़े पहलू पर विशेष ध्यान दे रहा है।

समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित होने वाले जनसंवाद कार्यक्रम के साथ-साथ डीएवी हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम जनता को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ कैसे मिले, इस पर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मार्गदर्शन भी किया जाएगा। स्टॉल स्थलों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला स्तर के अधिकारी लगातार सभी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। समृद्धि यात्रा के माध्यम से न केवल विकास कार्यों की समीक्षा होगी, बल्कि आम जनता को सीधे मुख्यमंत्री तक अपनी समस्याएं और सुझाव पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है। हेलिपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक विशेष सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सादे लिबास में महिला पुलिस बल की भी तैनाती रहेगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की योजना भी तैयार की जा रही है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान हेलिपैड से राजेन्द्र स्टेडियम, डीएवी हाई स्कूल, मैरवा और आंदर ढाला की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा जिले के बाहर से भी अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती किए जाने की तैयारी है।

जिला प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा और कार्यक्रम की सफलता सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में तैयारियों को और तेज किया जाएगा, ताकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सीवान दौरा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!