चित्रकूट के मंदिर में पाप, आस्था पर हमला, कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती

Report By : संजय साहू, उपसम्पादक
चित्रकूट : धार्मिक आस्था की पवित्र धरती चित्रकूट में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने न केवल इलाके को झकझोर कर रख दिया, बल्कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए। मंदिर जैसे आस्था के स्थान में एक युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात ने लोगों में गहरा आक्रोश और भय पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजापुर थाना क्षेत्र के एक मंदिर परिसर में एक युवती दीपक जलाने गई थी। इसी दौरान पहले से वहां छिपकर बैठे आरोपी युवक राजेश पुत्र मोहन ने मौके का फायदा उठाया। आरोपी ने युवती को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद जब देर शाम तक युवती घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में मंदिर पहुंचे। वहां पहुंचने पर युवती ने रोते हुए अपने साथ हुई घटना की पूरी जानकारी दी। यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और देखते ही देखते गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीण आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। इसी दौरान मंदिर परिसर के पास खड़ी आरोपी की मोटरसाइकिल को आक्रोशित लोगों ने आग के हवाले कर दिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

सूचना मिलते ही राजापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। बढ़ते तनाव और संभावित हालात को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ-साथ पीएसी बल को भी गांव में तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
राजापुर थाना प्रभारी लखन सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर जैसे पवित्र स्थान में हुई इस घटना ने समाज को झकझोर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब आस्था के स्थान भी सुरक्षित नहीं रह गए, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।





