आरा में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज का प्रेसवार्ता

Report By: तारकेश्वर प्रसाद

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भोजपुर के जिलाध्यक्ष श्री दुर्गा राज ने आज आरा में एक प्रेसवार्ता कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह बात पच नहीं रही कि एक गरीब माँ का बेटा आज देश का प्रधानमंत्री बनकर 140 करोड़ जनता की सेवा कर रहा है।

श्री दुर्गा राज ने कहा कि राहुल गांधी अपनी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बार-बार अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने इसे न सिर्फ राजनीतिक गरिमा पर हमला बताया, बल्कि भारतीय लोकतंत्र और उसकी परम्पराओं का भी अपमान करार दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता के खिलाफ मंच से ताली बजाकर अपमान करने वाले राहुल गांधी ने यह साबित कर दिया है कि उनके लिए शालीनता और मर्यादा का कोई मूल्य नहीं है। जिस माँ ने गरीबी और संघर्ष झेलकर अपने बेटे को देश की सेवा करने योग्य बनाया, उसी माँ का अपमान कर राहुल गांधी ने भारतीय संस्कृति और मातृत्व की भावना को ठेस पहुँचाई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी की यह प्रवृत्ति कोई नई नहीं है। वे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी के लिए ‘मौत का सौदागर’, ‘नाली का कीड़ा’, ‘कॉकरोच’, ‘नीच’, ‘वायरस’, ‘भस्मासुर’, ‘रावण’ और ‘दुर्योधन’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। श्री दुर्गा राज ने आरोप लगाया कि सत्ता पाने की बेचैनी और हताशा ने राहुल गांधी को गाली-गलौज की राजनीति पर उतार दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद के कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कई बार अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है। दुर्गा राज ने आँकड़ा देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं ने अब तक 107 से अधिक बार प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। यह हमला सिर्फ प्रधानमंत्री पर नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं पर सीधा प्रहार है।

दुर्गा राज ने कहा कि आज कांग्रेस और राजद की राजनीति पूरी तरह से तुष्टीकरण और गाली-गलौज पर आधारित हो चुकी है। उन्होंने इसे ‘महाठगबंधन और इंडिया अलायंस का असली चेहरा’ बताया।

उन्होंने आगे कहा कि राजद का चरित्र हमेशा से समाज में नफरत फैलाने वाला रहा है और कांग्रेस भी अब उसी रास्ते पर आँख मूँदकर चल रही है। यह भूलकर कि भारत एक लोकतंत्र है, कांग्रेस परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति में उलझी हुई है।

इतिहास का जिक्र करते हुए श्री दुर्गा राज ने कहा कि बिहार की जनता यह अच्छी तरह जानती है कि कैसे राहुल गांधी की दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने आपातकाल में लोकतंत्र को रौंद दिया था। उस समय पत्रकारों को जेल में डाल दिया गया, विपक्षी नेताओं को कैद कर लिया गया और जनता की आजादी छीन ली गई। यही वजह है कि कांग्रेस आज भी लोकतंत्र विरोधी मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि राजद के एक सांसद पहले ही यह कह चुके हैं कि वे भारत को बांग्लादेश बनाने का सपना देख रहे हैं। यह कांग्रेस और उसके सहयोगियों की खतरनाक मानसिकता को दर्शाता है।

अंत में उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस और राजद की इस राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!