सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर केन्द्रित होगा भाजपा का विशेष कार्यक्रम : डॉ. राकेश त्रिवेदी

Report By: आसिफ अंसारी

गाजीपुर: भारतीय जनता पार्टी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को नगर स्थित रॉयल पैलेस में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस अवसर को गौरवशाली बनाने हेतु पार्टी 10 जून से 21 जून तक प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाएगी। यह विशेष अभियान ‘विकसित भारत का अमृत काल’ के साथ-साथ सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर केन्द्रित होगा।
डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और जनहित में किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समय केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि देश के भविष्य को लेकर प्रतिबद्धता को मजबूत करने का भी है।

गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सशक्त कदम
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जिला प्रवासी, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के प्रतिनिधि अमरेन्द्र पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण, राष्ट्र के सम्मान और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं पारदर्शिता के साथ लागू हो रही हैं, जिससे पात्र लाभार्थियों तक सीधा लाभ पहुंच रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार चुनाव में भाजपा की स्पष्ट जीत का विश्वास भी जताया।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने विषय प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए बताया कि 10 जून से प्रारंभ हो रहे इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से प्रेस वार्ता, प्रदर्शनी, प्रोफेशनल मीटिंग्स, “बदलता भारत – मेरा अनुभव” जैसे डिजिटल प्रतियोगिता, मंडल व शक्ति केंद्र स्तर पर सभाएं, चौपालें, संकल्प सभा, विश्व योग दिवस का आयोजन तथा वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों का प्रवास कार्यक्रम शामिल है।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकता
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन अपनी एकता और सेवा भाव के लिए जाना जाता है, और इसी भावना से यह जनसंपर्क अभियान भी सफल होगा।
इस बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय, भानु प्रताप सिंह, बृजेन्द्र राय, प्रो. शोभनाथ यादव, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, विष्णु प्रताप सिंह, अविनाश सिंह सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन का दायित्व महामंत्री अवधेश राजभर ने निभाया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!