चंदौसी में चला अतिक्रमण पर बुलडोजर…

Report By: रजत मल्होत्रा

संभल: नगर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अख्तियार करते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसडीएम विनय मिश्रा के नेतृत्व में नगर पालिका और पुलिस टीम ने मिलकर चंदौसी शहर के सीकरी गेट और बिसौली गेट क्षेत्र में अवैध निर्माणों को हटाया। विशेष रूप से नालों पर किए गए कब्जों को चिन्हित कर मौके पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सीकरी गेट पर अवैध मकान पर चला बुलडोजर
एसडीएम विनय मिश्रा बुधवार सुबह नगर पालिका ईओ और भारी पुलिस बल के साथ सीकरी गेट पहुंचे, जहां सलीम की पुलिया के पास एक नाले पर अवैध मकान का निर्माण पाया गया था। जब अतिक्रमणकर्ता ने खुद निर्माण नहीं हटाया और नगर पालिका अधिकारियों से बहस करने लगा, तो एसडीएम ने तुरंत बुलडोजर मंगवाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। देखते ही देखते मकान जमींदोज कर दिया गया, जिससे लोगों में सनसनी फैल गई।

वाल्मीकि बस्ती में भी की गई सख्त कार्रवाई
सीकरी गेट के बाद प्रशासनिक टीम ने बिसौली गेट स्थित वाल्मीकि बस्ती में नाले पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया। यहां कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन ने बिना रुके अपना काम पूरा किया। भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पूरे अभियान को देख रहे थे। पुलिस बल की तैनाती के चलते कोई बड़ी अव्यवस्था नहीं हुई और कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

पुनः पदभार ग्रहण करते ही तेज हुई कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि करीब छह माह पूर्व एसडीएम विनय मिश्रा ने चंदौसी में अतिक्रमण विरोधी अभियान की शुरुआत की थी, लेकिन स्थानांतरण के कारण यह अभियान अधूरा रह गया था। अब जब उन्होंने पुनः चंदौसी में एसडीएम पद का कार्यभार संभाला है, तो पहले से चिन्हित किए गए अवैध निर्माणों पर तेज़ी से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मीडिया से बातचीत में एसडीएम विनय मिश्रा ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर की सुंदरता, स्वच्छता और समुचित जल निकासी व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नालों और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाना अत्यंत आवश्यक है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!