पटना में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिया जायजा, दिए कई अहम निर्देश

Report By: तारकेश्वर प्रसाद

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज राजधानी पटना के विभिन्न इलाकों का दौरा कर गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गंगा किनारे बसे क्षेत्रों में जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने गंगा नदी के किनारे बने जे॰पी॰ गंगा पथ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पथ के दोनों ओर किए जा रहे पौधारोपण और सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि इन कार्यों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि यह क्षेत्र न केवल यातायात के लिए बल्कि सौंदर्य की दृष्टि से भी आकर्षक बन सके।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीघा से सोनपुर तक जे॰पी॰ सेतु के समानांतर बनाए जा रहे छह लेन वाले नए पुल के निर्माण कार्य का भी गहन निरीक्षण किया। यह पुल पटना और सारण प्रमंडल के बीच यातायात को सुगम और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है।

उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से न केवल राजधानी पटना से सोनपुर, छपरा जैसे शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि उत्तर बिहार के अन्य जिलों के साथ भी आवागमन पहले से अधिक सुगम हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए।

गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के मद्देनज़र मुख्यमंत्री ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का विशेष तौर पर निरीक्षण किया और वहां के हालात की जानकारी ली। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग, नगर निगम, एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हर हाल में पूरी तैयारियों के साथ रहें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लोगों को समय रहते अलर्ट करने की व्यवस्था की जाए और बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में राहत शिविर, नावों की व्यवस्था, सुरक्षित निकासी मार्ग आदि का अग्रिम प्रबंध सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने बाढ़ की स्थिति से जुड़ी परेशानियों के बारे में अवगत कराया, जिस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!