3 साल बेमिसाल: सरोजिनी नगर आभार दिवस में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी

Report By : स्पेशल डेस्क

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को ‘3 साल बेमिसाल, सरोजिनी नगर आभार दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में दोपहर एक बजे से आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह का आयोजन सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीएसआर फंड से संचालित 13 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही, सरोजिनी नगर सोलर संवाद एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र में हुए 4,000 से अधिक विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने इस दिन को सरोजिनी नगर के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के सिद्धांत को साकार करते हुए सरोजिनी नगर विधानसभा में अभूतपूर्व विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर 2024 को सरोजिनी नगर में 24,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 4,000 से अधिक कार्यों का शुभारंभ किया गया था। उसी क्रम में अब ‘3 साल बेमिसाल, सरोजिनी नगर आभार दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है।

इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, समाज कल्याण और डिजिटल सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। समारोह में प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और भाजपा संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह भी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान ग्रामसभा पहाड़पुर में 2 करोड़ रुपये की लागत से विकसित कंपोज़िट मॉडल स्कूल का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा भगवान परशुराम जी और स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया जाएगा। सरोजिनी नगर के वृद्धाश्रम और तहसील में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री के कर-कमलों से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 मंदिरों के जीर्णोद्धार हेतु सोलर लाइट, हैंडपंप और बेंच की व्यवस्था कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके अतिरिक्त, 20 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए झूलों की स्थापना की जाएगी। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 10 तारा शक्ति केंद्रों का लोकार्पण होगा, जबकि जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 5 ओपन एयर जिम का उद्घाटन किया जाएगा। आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 15 स्कूलों में डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट बोर्ड पैनल की स्थापना की जाएगी। साथ ही, 5 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) क्षेत्रों में सार्वजनिक पुस्तकालयों की स्थापना का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे।

इसके अलावा, रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं सशक्तिकरण केंद्र का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीक में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम की भी शुरुआत की जाएगी। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनके नेतृत्व में सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में क्षेत्र को समर्पित ये विकास कार्य जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगे।

इस आयोजन को जनता के प्रति आभार व्यक्त करने का एक विशेष अवसर बताते हुए विधायक ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में सरोजिनी नगर को “आदर्श विधानसभा” के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है। ‘3 साल बेमिसाल, सरोजिनी नगर आभार दिवस’ को लेकर स्थानीय जनता में भी भारी उत्साह है। लोगों का मानना है कि इन विकास परियोजनाओं से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा और नई संभावनाएं खुलेंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संबोधन भी होगा, जिसमें वे भविष्य की योजनाओं पर अपनी बात रखेंगे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!