चित्रकूट को मिलेगा मेडिकल कॉलेज? अपना दल (एस) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से की मांग

Report By : संजय साहू चित्रकूट
चित्रकूट : जनपद चित्रकूट में मेडिकल कॉलेज की लंबे समय से चली आ रही मांग एक बार फिर तेज हो गई है। जिले की कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था और गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बाहर रेफर किए जाने की मजबूरी को लेकर अपना दल (एस) चित्रकूट के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री माननीय अनुप्रिया पटेल से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग की है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री को एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि धार्मिक, ऐतिहासिक और जनसंख्या की दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद चित्रकूट में अब तक मेडिकल कॉलेज का न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिले में गंभीर रोगियों को इलाज के लिए प्रयागराज, बांदा, कानपुर समेत अन्य बड़े शहरों की ओर रेफर किया जाता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई मामलों में समय पर इलाज न मिलने से मरीजों की जान तक खतरे में पड़ जाती है।
कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि यदि चित्रकूट में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होती है तो जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास होगा। इससे न केवल आम लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा के अवसर भी प्राप्त होंगे। साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
यह मुलाकात जिलाध्यक्ष हेमराज सिंह के नेतृत्व में हुई, जिसमें नाथूराम सिंह, महेंद्र सिंह, विनोद सिंह, मुकेश कुमार, कृष्णकांत, फूलसिंह, प्रेमसिंह, शुभील, संजय खंगार, दीपेंद्र सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री इस मांग पर सकारात्मक कदम उठाएंगी और जल्द ही चित्रकूट को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल सकेगी।





