दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0 के तहत राजकीय आईटीआई में रोजगार मेला, 16 कंपनियों ने लिया साक्षात्कार
दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0 के तहत राजकीय (ITI) में रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 16 कंपनियों ने 1000 से अधिक पदों पर साक्षात्कार लिया। 105 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने भाग लिया, 23 का मौके पर चयन हुआ।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत “दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0” के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), अलीगंज में दिव्यांगजन रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले का उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से जोड़ते हुए उन्हें उपयुक्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।
जिला समन्वयक राज कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में 16 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों द्वारा कुल 1000 से अधिक रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।
कार्यक्रम में कुल 105 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने भाग लिया। साक्षात्कार प्रक्रिया के उपरांत 23 अभ्यर्थियों का यथास्थान चयन किया गया, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए संबंधित कंपनियों द्वारा विचाराधीन रखा गया है।
दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0 का उद्देश्य कौशल आधारित प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांग युवाओं को मुख्यधारा के रोजगार अवसरों से जोड़ना है। इस प्रकार के आयोजनों से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक निजी कंपनियों की सहभागिता सुनिश्चित कर दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए स्थायी और सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।





