कुहासे का कहर, जगदीशपुर में एक ही सड़क पर चार वाहन टकराए, चालक समेत 6 घायल

Report By: तारकेश्वर प्रसाद

बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार की सुबह घने कुहासे ने एक बड़ा सड़क हादसा करा दिया। जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घनगाई थाना के पास जगदीशपुर–देवराढ़ पथ पर आरा–मोहनिया फोरलेन ओवरब्रिज के समीप एक के बाद एक चार वाहनों की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में चालक समेत कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह घने कुहासे के कारण दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान अनाज लदा एक ट्रक आरा–मोहनिया फोरलेन ओवरब्रिज पर सड़क किनारे खड़ा था। कुहासे के कारण पीछे से आ रहे एक खाली ट्रक को खड़े ट्रक का अंदाजा नहीं लग सका और उसने अनाज लदे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कुछ ही देर में पीछे से आ रही एक क्रेन गाड़ी और उसके पीछे एक स्विफ्ट डिजायर कार भी नियंत्रण खो बैठी और खाली ट्रक से जा टकराई। देखते ही देखते एक ही दिशा में चार वाहन आपस में टकरा गए।

इस दुर्घटना में खाली ट्रक के चालक सहित क्रेन गाड़ी में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर के बाद अनाज लदा ट्रक किसी तरह वहां से निकल गया, जबकि अन्य वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़े रहे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में सभी का इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों में से एक की स्थिति गंभीर है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। बताया जा रहा है कि इस सड़क हादसे में घायल लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, घायलों ने भी कुहासे के कारण हादसा होने की बात बताई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घने कुहासे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!