घर से बुलाकर ले गए दोस्त, मैदान में गोली मारकर युवक की हत्या

गोरखपुर : चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनुहिया गांव में रविवार शाम दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई, जहां घर से बुलाकर ले गए दोस्तों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अरुण निषाद (22) पुत्र भोला निषाद के रूप में हुई है। वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के सामने गोरखपुर–महराजगंज मार्ग जाम कर दिया।
परिजनों के अनुसार, रविवार करीब चार बजे विशाल नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ गाड़ी से अरुण के घर पहुंचा और किसी काम का बहाना बनाकर उसे बाहर बुलाकर ले गया। आरोप है कि पहले से चली आ रही रंजिश को लेकर विशाल, देवेंद्र और उनके पांच-छह अन्य साथियों ने अरुण को गांव के बाहर मैदान की ओर ले जाकर उससे कहासुनी की और फिर उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही अरुण मौके पर गिर पड़ा।

आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में अरुण को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अरुण दो भाइयों में बड़ा था और पेंट-पॉलिश का काम कर परिवार का सहारा बना हुआ था।
मेडिकल कॉलेज में युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात ठप रहा। परिजनों का कहना था कि उन्हें सिर्फ न्याय चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खत्म कराया और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव और मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की गंभीरता से जांच का आश्वासन दिया।
मृतक के पिता भोला निषाद की तहरीर पर दो नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।





