बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भड़का जनाक्रोश: आइसा-आरवाईए ने निकाला विरोध मार्च, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का पुतला फूंका


रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, आरा (बिहार)

भोजपुर जिला के जगदीशपुर नगर में आज उस समय जनाक्रोश फूट पड़ा जब भाकपा (माले) से जुड़े छात्र संगठन आइसा (AISA) और युवा संगठन आरवाईए (RYA) ने मिलकर बिहार सरकार की विफल स्वास्थ्य व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के खिलाफ जोरदार विरोध मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से इस्तीफे की मांग करते हुए उनका पुतला भी फूंका।

मुजफ्फरपुर और भोजपुर की घटनाओं ने उभारा आक्रोश
प्रदर्शनकारियों ने मुजफ्फरपुर में नाबालिग विशाखा कुमारी के साथ हुए दुष्कर्म और भोजपुर के हसनबाजार में कोचिंग छात्रा गोल्डी कुमारी के साथ बलात्कार कर उसे ज़हर देकर मारने की घटनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि बिहार में बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा राम भरोसे है। आरोपियों को अभी तक सज़ा नहीं मिली है, जिससे साफ है कि प्रशासन और सरकार की मंशा अपराधियों को बचाने की है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि इन दोनों घटनाओं में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। साथ ही, राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा गया कि अस्पतालों की हालत बदतर हो चुकी है और मंत्री सिर्फ बयानों तक सीमित हैं।

भाजपा-जदयू पर जमकर बरसे युवा
मार्च के दौरान युवाओं ने “स्वास्थ्य मंत्री इस्तीफा दो”, “भाजपा-जदयू शर्म करो”, “बच्चियों को न्याय दो”, “बलात्कारियों को फांसी दो” जैसे नारों के साथ सरकार के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। प्रदर्शन जगदीशपुर पार्टी कार्यालय से शुरू होकर कोतवाली मोड़ तक पहुंचा, जहां एक जनसभा आयोजित की गई।

जनसभा में कई नेताओं ने की भागीदारी
इस जनसभा को आइसा जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज़ खान, किसान महासभा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य बिनोद कुशवाहा, उतरदान्हा पंचायत के मुखिया पिंटू जी, नगर सचिव गणेश कुशवाहा, आरवाईए प्रखंड सह सचिव अरविंद कुमार, आइसा नगर सचिव आनंद कुमार, अध्यक्ष साहिल खान, नेता अरशद हाश्मी, इंद्रजीत कुमार, रवि कुमार, भुवर राम, मंजीत कुमार आदि ने संबोधित किया।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार सिर्फ जुमलों में व्यस्त है। जमीनी स्तर पर न तो कानून का राज है और न ही आम जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!