तेज रफ्तार वाहन ने BSAP जवान को कुचला, मौके पर ही मौत

Report By : तारकेश्वर प्रसाद
बिहार के भोजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक BSAP जवान की मौत हो गई। यह हादसा रविवार देर शाम आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव के पास हुआ। मृतक जवान की पहचान मधुबनी जिले के फूलपरास थाना क्षेत्र के रहने वाले देवेंद्र पासवान (उम्र 42 वर्ष) के रूप में की गई है। वे BMP-18 में हवलदार के पद पर तैनात थे और वर्तमान में अपने यूनिट के साथ कसाप गांव में रह रहे थे।
रविवार को देवेंद्र पासवान बाजार करने के लिए कसाप बाजार गए थे। जब काफी देर तक वे वापस नहीं लौटे, तो उनके साथी सिपाही सच्चितानंद कुमार ने उन्हें फोन किया। फोन किसी स्वास्थ्यकर्मी ने उठाया और बताया कि देवेंद्र पासवान को किसी तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया है। यह सुनकर यूनिट के जवान और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही ASP परिचय कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जवान की ड्यूटी विधि-व्यवस्था बनाए रखने में लगी थी और वे बाजार से राशन लेने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
देवेंद्र पासवान 2004 में BMP-12 सुपौल से सेवा में आए थे। वे एक अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। उनके परिवार में पत्नी रेणु देवी, दो बेटे अभिषेक और अनिकेश, और एक बेटी डॉली कुमारी है। जैसे ही परिजनों को इस हादसे की जानकारी मिली, घर में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
देवेंद्र पासवान की असमय मौत से उनके साथी जवान, अधिकारी और स्थानीय लोग भी शोक में हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे खोजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर से यह सोचने पर मजबूर करता है कि सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन किस तरह से लोगों की जान ले रहे हैं। जवान जैसे जिम्मेदार नागरिक की इस तरह की मौत न केवल दुखद है, बल्कि सिस्टम को भी चेतावनी है कि सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लिया जाए।