जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में

संवाददाता: मृत्युंजय ठाकुर कर्मक्षेत्र टीवी

वैशाली: जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह की अध्यक्षता में पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े जनप्रतिनिधियों के साथ एक व्यापक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रविवार को बीका, हाजीपुर में संपन्न हुआ, जिसमें मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, पैक्स अध्यक्ष व सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। संवाद का मुख्य उद्देश्य एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री अभियान को लेकर जनप्रतिनिधियों को अवगत कराना और उनके सहयोग से शत-प्रतिशत किसान पंजीकरण सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान का तृतीय चरण 2 फरवरी से 6 फरवरी 2026 तक चलाया जा रहा है। इस चरण में जिले के सभी किसानों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण कर उन्हें एक डिजिटल पहचान प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान तभी सफल हो सकता है जब प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर जमीनी स्तर पर किसानों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।

संवाद के दौरान एग्री स्टैक परियोजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री (किसान पंजीकरण) सहित अन्य कृषि संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों के सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को साझा किया। इनमें नेटवर्क की समस्या, दस्तावेजों से संबंधित कठिनाइयां और जागरूकता की कमी जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। इन समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ तथा पूरे वैशाली जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने की ठोस रणनीति पर सहमति बनी।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से मिल सकेगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक किसानों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।

उल्लेखनीय है कि कृषि विभाग एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा किसानों को एकीकृत डिजिटल पहचान देने के उद्देश्य से फार्मर रजिस्ट्री पहल लागू की गई है। इस पंजीकरण के अंतर्गत किसानों को एक विशिष्ट फार्मर आईडी प्रदान की जाती है, जो उनकी डिजिटल पहचान के रूप में कार्य करेगी। इसी एक आईडी के माध्यम से किसान विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

फार्मर रजिस्ट्री पूरी तरह निःशुल्क है और किसान अपना पंजीकरण नजदीकी CSC/वसुधा केंद्र पर करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त पंचायत स्तर पर कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार अथवा राजस्व कर्मचारी की सहायता से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक किसान स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर जाकर या QR कोड स्कैन कर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

पंजीकरण के लिए किसानों के पास आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा स्वयं के नाम से जमाबंदी होना आवश्यक है। पंजीकरण पूरा होने के बाद किसान को फार्मर आईडी प्रदान की जाएगी, जो भविष्य में उनकी सभी कृषि एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ी पहचान बनेगी। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), सहायता अनुदान तथा फसल क्षति पर राहत जैसी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जो किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित रहेंगे, उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा सकता है। इसलिए सभी किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं और इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ उठाएं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वैशाली जिले के प्रत्येक पात्र किसान को फार्मर रजिस्ट्री से आच्छादित किया जाएगा। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा जताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!