ममता महिला किसान क्लब ने जिलाधिकारी वर्षा सिंह को उनके सराहनीय जनहितकारी कार्यों के लिए किया सम्मानित

संवाददाता : मृत्युंजय ठाकुर
वैशाली बिहार : भारत की पहली महिला किसान क्लब — ममता महिला किसान क्लब, आम पोस्ट–पंचदमिया, प्रखंड लालगंज, जिला वैशाली की ओर से जिलाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह को उनके उल्लेखनीय और जनहितकारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब द्वारा जिलाधिकारी को मोमेंटो और शॉल भेंट कर कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया गया।
ममता महिला किसान क्लब ने जिलाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा जिले में किए गए प्रभावशाली कार्यों की विशेष सराहना की। क्लब की ओर से बताया गया कि किसान हित में फार्मर रजिस्ट्रेशन में प्रथम स्थान प्राप्त करना, बिहार विधानसभा में जिले के उत्कृष्ट कार्यों की प्रभावी प्रस्तुति देना, नाव और ट्रैक्टर पर बैठकर दूर-दराज के गांवों तक पहुंचना, बच्चों के साथ बैठकर भोजन करना और आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी कार्यशैली को विशिष्ट बनाता है। इसके साथ ही किसानों से जुड़ी सरकारी योजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए किए गए प्रयासों को भी सराहनीय बताया गया।
क्लब के सदस्यों ने कहा कि जिलाधिकारी वर्षा सिंह की कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उनके नेतृत्व में जिले में किसान, महिलाएं और ग्रामीण समुदाय को लाभ पहुंचाने वाली कई योजनाएं धरातल पर उतरी हैं, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

इस अवसर पर ममता महिला किसान क्लब की ओर से ममता सिंह, क्लब सचिव, राजदुलारी देवी, लीलावती देवी, संगीता देवी, प्रिया सिंह तथा राष्ट्रीय कृषि शिक्षा विशेषज्ञ डॉ. अभय नाथ सिंह उपस्थित रहे। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि ममता महिला किसान क्लब में वर्तमान में 500 से अधिक सक्रिय सदस्य हैं, जो कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
यह भी उल्लेखनीय है कि भारत की पहली महिला किसान क्लब ममता महिला किसान क्लब द्वारा देश में पहली बार त्रिदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन 13 से 15 अक्टूबर 2024 तक पंचदमिया, लालगंज में किया गया था। क्लब द्वारा ऐरी रेशम कीट पालन, मत्स्य पालन, मशरूम उत्पादन, पशुपालन और सब्जी की खेती जैसे आजीविका आधारित कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
क्लब की एक विशेष पहल यह रही है कि “गांव का कार्यक्रम गांव में और किसानों का कार्यक्रम किसानों के बीच” आयोजित किया जाए। इसी सोच के तहत पिछले 23 वर्षों से निरंतर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीण महिलाओं को जागरूक, संगठित और प्रशिक्षित कर देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों में प्रशिक्षण दिलाया गया है। जल, भूमि और ऊर्जा संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य भी क्लब द्वारा लगातार किया जा रहा है।
ममता महिला किसान क्लब ने जिलाधिकारी वर्षा सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए हार्दिक धन्यवाद एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित में कार्य करते रहने की कामना की।





