भोजपुर में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, प्लंबर मिस्त्री को मारी गोली, गांव में दहशत

संवाददाता: तारकेश्वर प्रसाद

आरा: भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटका चंदा गांव में रविवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और हथियारबंद बदमाशों ने एक प्लंबर मिस्त्री को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान छोटका चंदा गांव निवासी शिव भजन राय के 25 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है। विनोद पेशे से प्लंबर मिस्त्री हैं। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उन्हें बाएं पैर की जांघ में गोली मारी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना यज्ञशाला महावीर मंदिर के समीप हुई, जहां उस समय लोगों की आवाजाही भी बनी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही कोइलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायल विनोद कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि इस घटना की शुरुआत शनिवार रात हुई थी। उनके बड़े भाई मंतोष कुमार, जो उदवंतनगर प्रखंड के पशुपालन विभाग में निजी तौर पर कार्यरत हैं, ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के चार युवकों ने रास्ते में उन्हें रोककर गाली-गलौज की। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मंतोष कुमार बिना विवाद बढ़ाए घर लौट आए।

अगले दिन रविवार की सुबह मंतोष कुमार ने इस घटना की शिकायत गांव के ही कन्हैया राय से की। आरोप है कि शिकायत करने पर उनके साथ फिर से गाली-गलौज की गई और मारपीट भी हुई। इस संबंध में स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

विनोद कुमार के अनुसार, जब वे लोग थाने से शिकायत कर वापस लौटे, तभी आरोपी युवक लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और हमला कर दिया। इस दौरान जमकर मारपीट की गई और इसी बीच बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें विनोद कुमार को गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल युवक ने गांव के ही अनिल कुमार, रामजी राय, मनीष कुमार समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने और गोली मारने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है, और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!