पीरो को जाम से मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री समग्र शहरी योजना के तहत बनेगा नया मिनी बाईपास

Report By: तारकेश्वर प्रसाद


पीरो: भोजपुर जिले के पीरो अनुमंडल मुख्यालय में वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान अब जल्द ही संभव होता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री समग्र शहरी योजना के अंतर्गत पीरो नगर परिषद क्षेत्र में एक नया मिनी बाईपास बनाया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। बाईपास का निर्माण शुरू होने से पहले स्थल मापी और सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, और जल्द ही निर्माण कार्य की शुरुआत की संभावना जताई जा रही है।

इस परियोजना की अनुशंसा तरारी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक विशाल प्रशांत ने की थी, जिसे मुख्यमंत्री समग्र शहरी योजना की प्राथमिकता सूची में शामिल कर लिया गया है। बाईपास के निर्माण से न केवल स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था में भी बड़ा सुधार देखा जाएगा।

प्रस्तावित बाईपास वार्ड संख्या-4 स्थित दुसाधी बधार से शुरू होकर वार्ड-5 के अम्बेडकर मुहल्ला और पुराना मोंटेसरी स्कूल होते हुए वार्ड-7 स्थित तिलाठ मोड़ तक जाएगा। इसकी कुल लंबाई लगभग 1.25 किलोमीटर और चौड़ाई 16 फीट होगी। इस मार्ग पर आरसीसी सड़क और दोनों किनारों पर आरसीसी नाला भी बनाया जाएगा, जिससे बरसात के मौसम में जल जमाव की समस्या से निजात मिल सके।


यह बाईपास दो प्रमुख मार्गों – आरा-सासाराम स्टेट हाईवे और बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे से सीधे तौर पर जुड़ जाएगा। इससे भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता तैयार होगा और स्थानीय नागरिकों, खासकर दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों के लिए जाम से बचने का बेहतर विकल्प मिलेगा।

पीरो में जाम की समस्या विशेषकर उस समय और गंभीर हो जाती है जब बिहटा-बिहिया स्टेट हाईवे से बालू लदे ट्रक और भारी वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा, लग्न और त्योहारों के दौरान यातायात पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो जाता है। नया बाईपास इस समस्या का स्थायी समाधान प्रदान कर सकता है।

इस बाईपास के निर्माण की घोषणा के बाद स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिन वार्डों से होकर यह बाईपास गुजरेगा, वहां के लोगों का कहना है कि यह सड़क उनके लिए “विकास की नई राह” खोलेगी। अभी तक खराब सड़कों और सीमित रास्तों की वजह से उन्हें रोजाना कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब वे अपने घरों तक आसानी से वाहन से पहुंच सकेंगे।

स्थानीय व्यापारियों का भी मानना है कि बाईपास बनने से बाजारों में ग्राहक आवागमन सुगम होगा, जिससे स्थानीय व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।

परियोजना की पहल करने वाले विधायक विशाल प्रशांत को क्षेत्र की जनता धन्यवाद दे रही है। उनका मानना है कि इस बाईपास के निर्माण से पीरो शहर की यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। विधायक ने भी आश्वस्त किया है कि कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा और गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होगा।

बनने वाला है आधुनिक बाईपास – जानिए विशेषताएं
लंबाई: लगभग 1.25 किलोमीटर
चौड़ाई: 16 फीट
सड़क निर्माण: आरसीसी (रेइनफोर्स्ड सीमेंट कंक्रीट)
नाला निर्माण: दोनों ओर आरसीसी नाले
जुड़ाव: आरा-सासाराम एवं बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे से कनेक्टिविटी
उपयोग: दोपहिया, चारपहिया एवं छोटे वाणिज्यिक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!