मुरादाबाद की रीना ने रची दिल दहला देने वाली साजिश

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करती इस वारदात में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न केवल अपने पति की हत्या की, बल्कि उसकी लाश के साथ दो दिन तक कार में घूमती रही। इसके बाद शव को उत्तराखंड के कोटद्वार के जंगलों में फेंक कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई।

अब मुरादाबाद की रीना सिंधु का यह खौफनाक मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पति-पत्नी और प्रेमी के इस त्रिकोणीय रिश्ते में लालच, धोखा और खून ने ऐसी कहानी गढ़ी है जो ‘मुस्कान रस्तोगी’ और ‘सोनम रघुवंशी’ जैसे मामलों की यादें फिर ताजा कर गई।

घटना मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी रामगंगा विहार की है, जहां रहने वाले रविंद्र कुमार की शादी रीना सिंधु से वर्ष 2010-11 में हुई थी। रीना एक फिजियोथेरेपिस्ट है और उसके क्लिनिक पर आने-जाने वाले बिजनौर निवासी परितोष से उसके प्रेम संबंध बन गए थे। रविंद्र मुरादाबाद स्थित अपनी कोठी को बेचना चाहता था, लेकिन रीना को यह बात नागवार गुज़री।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि 31 मई को रीना ने अपने पति को प्रेमी परितोष के नगीना स्थित घर बुलाया। वहां शराब पिलाने के बहाने उसे बेहोश किया गया और फिर फावड़े से उसके गले और सीने पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद पति का शव कार में रखकर दोनों प्रेमी सबसे पहले उत्तराखंड के रामनगर ले गए, लेकिन मौका न मिलने के कारण शव को लेकर कोटद्वार पहुंचे। वहां जंगल में मौका पाकर शव को फेंक दिया गया।

हत्या के बाद रीना और परितोष शव के साथ ही दो दिन तक कार में इधर-उधर घूमते रहे ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके और कोई सबूत न बचे। आखिरकार 5 जून को कोटद्वार के जंगलों में शव बरामद किया गया। शव की पहचान मृतक के भाई राजेश कुमार द्वारा की गई।

17 जून को रविंद्र कुमार के भाई राजेश कुमार ने कोटद्वार थाने में लिखित तहरीर दी, जिसमें उन्होंने भाई की हत्या की आशंका जताते हुए उसकी दूसरी पत्नी रीना पर संदेह व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि रविंद्र की पहली शादी 2007 में आशा देवी से हुई थी लेकिन संबंध खराब होने के बाद वह हरिद्वार चले गए, जहां रीना से शादी की।

रीना का अपने क्लिनिक पर आने वाले परितोष से प्रेम संबंध हो गया था और उसने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। यहां तक कि उसने परितोष को 10 लाख रुपये का ऑफर देकर हत्या के लिए उकसाया।


जांच के बाद पुलिस ने रीना सिंधु और उसके प्रेमी परितोष को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने एक बार फिर रिश्तों और विश्वास को लेकर समाज में सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सोशल मीडिया से लेकर लोकल चर्चाओं तक हर कोई इस खौफनाक वारदात की निंदा कर रहा है। लोगों का कहना है कि रीना सिंधु ने जिस तरह से योजना बनाकर पति की हत्या की और शव के साथ घूमती रही, वह एक क्रूर और निर्मम कृत्य है।

रविंद्र कुमार के परिजनों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई भी महिला इस तरह से रिश्तों की आड़ में अपराध न कर सके।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!