सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मोहनलालगंज, लखनऊ और बाराबंकी में इंडिया गठबंधन कांग्रेस के पक्ष में संयुक्त चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया।

जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव

रिपोर्ट : आकाश यादव
   
लखनऊ :अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव जनता खुद लड़ रही है। देश की जनता ने चुनाव को अपने हाथ में ले लिया है। चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है भाजपा को लेकर जनता की नाराजगी बढ़ती जा रही है। सातवें चरण के चुनाव तक जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि यह आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव है। 2024 का चुनाव संविधान मंथन का चुनाव है। एक तरफ समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन है जो संविधान बचाना चाहती है, दूसरी तरफ संविधान भक्षक भाजपा है। इस बार जनता संविधान बदलने की बात करने वालों को बदल देगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा की डबल इंजन सरकार से एक इंजन पहले से गायब है। चुनाव बाद दिल्ली वाला इंजन भी गायब हो जायेगा।
   
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की हर बात झूठी निकली। इनका हर वादा झूठा निकला। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई के कारण फसलों की लागत बढ़ी। हर चीज, कीटनाशक दवाई, डीजल, जरूरत का सामान महंगा कर दिया लेकिन सरकार ने किसानों की मदद नहीं की। भाजपा सरकार किसानों की जमीन छीनने और फसल लूटने के लिए तीन काले कानून लायी थी। किसानों ने आंदोलन किया। हजारों किसान शहीद हुए। भाजपा ने किसानों को अपमानित किया। लेकिन किसान पीछे नहीं हटा। अंततः भाजपा सरकार को पीछे हटना पड़ा। तीनों काले कानून रद्द हुए। भाजपा सरकार ने किसानों की फसलों की कीमत नहीं दी। किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। इसने उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया। इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों के सभी कर्ज माफ करेगी। भाजपा सरकार ने किसानों की तरह नौजवानों को भी धोखा दिया। नौकरियां नहीं दी। भर्ती परीक्षाओं के जो पेपर हुए सब लीक हो गये। भाजपा नौकरी रोजगार नहीं देना चाहती है। इसने जानबूझकर पेपर लीक कराये। नौजवानों के भविष्य के साथ छल किया। एक तिहाई जीवन बर्बाद किया है। इस बार नौजवान भाजपा को उखाड़ फेंकेगा।

मोहनलालगंज एवं लखनऊ प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया

भाजपा सरकार ने युवाओं को निवेश के नाम पर झूठा सपना दिखाया। लाखों करोड़ रूपये का निवेश लाने का दावा किया गया। लेकिन जमीन पर कोई निवेश नहीं दिखा। निवेश के नाम पर बड़े-बड़े आयोजन हुए। राष्ट्रपति जी, प्रधानमंत्री जी, तमाम मंत्री आये लेकिन कहीं भी फैक्ट्रियां और कम्पनी नहीं लगी। भाजपा सरकार ने अग्निवीर योजना लाकर सेना की नौकरी आधी-अधूरी कर दी। इससे नौजवानों को नुकसान हुआ। इंडिया गठबंधन की सरकार अग्निवीर योजना समाप्त कर देगी। भाजपा देश की जनता की जान और संविधान के पीछे पड़ी है। वैक्सीन कम्पनी से चंदा लेकर पूरे देश को वैक्सीन लगवा दी। लोगों की जान खतरे में डाल दी। वैक्सीन को लेकर जो रिपोर्ट आयी है बेहद गंभीर है। अब वैक्सीन कम्पनी बाजार से वैक्सीन वापस ले रही है। बताइये जो वैक्सीन सबके शरीर में लग गयी उसका क्या होगा।
   
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव में राशन के साथ अन्य चीजें दे रही थी, चुनाव बाद बंद कर दिया। इंडिया गठबंधन की सरकार राशन के साथ आटा और गरीबों को मोबाइल डाटा फ्री देगी। मोबाइल चलाने के लिए डाटा जरूरी है। समाजवादी सरकार ने छात्रों को लैपटॉप दिया था। भाजपा सरकार ने लैपटॉप नहीं दिया। इन्होंने किसानों की खाद बोरी से चोरी कर ली। खाद 5-5 किलो कम कर दी। ये मुनाफा कमा रहे हैं। किसानों को नैनो यूरिया खरीदवा दिया। अब सुनने में आ रहा है कि कई उद्योगपतियों की तरह नैनो यूरिया वाला भी भाग गया। भाजपा की दस साल की सरकार में महंगाई बहुत बढ़ गई। मोटर साइकिल महंगी हो गयी। डीजल, पेट्रोल महंगा हो गया। दवाइयां महंगी हो गयी। इस सरकार ने डायल 100 पुलिस सेवा और 108 एम्बुलेंस सेवा, स्वास्थ्य सेवाएं सब बर्बाद कर दिया। भाजपा संविधान बदलना चाहती है। लोकतंत्र खत्म कर रही है। सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। हमारे गरीब और बहुजन समाज के लोग याद रखे बाबा साहब के संविधान से ही हम सबको अधिकार मिले हैं। वोट का अधिकार मिला है। नौकरी और मान-सम्मान मिलता है। संविधान हम सबके लिए संजीवनी है। भाजपा इसी को बदलना चाहती है।
   
अखिलेश यादव ने बहुजन समाज के लोगों को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा और बसपा ने अंदर-अंदर हाथ मिला लिया है। अतः देश का संविधान बचाने के लिए सब लोग एकजुट होकर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जितायें। बाराबंकी गंगा-जमुनी तहजीब और मिलीजुली संस्कृति को आगे बढ़ाती है। यहां से भाजपा को सबक सिखाना है।

बाराबंकी में प्रत्याशी तनुज पुनिया के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया

बाराबंकी में संयुक्त जनसभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पाण्डेय ने कहा कि यूपी ही नहीं पूरे देश में बदलाव की आंधी चल रही है। संविधान और लोकतंत्र को बचाना है। तानाशाह सरकार ने युवाओं के साथ छल किया है। निराश किया है। भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया है। लोकसभा चुनाव में हर क्षेत्र में इंडिया गठबंधन को भारी मतों से जिताना है और संविधान को बचाना है।
  
जनसभा को इंडिया गठबंधन कांग्रेस के प्रत्याशी  तनुज पुनिया, पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, समाजवादी पार्टी के नेता पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, फरीद महफूज किदवई, रामसागर रावत, गौरव रावत समेत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने सम्बोधित करते हुए तनुज पुनिया को भारी मतों से जिताने की अपील की। मोहनलालगंज में आयोजित चुनावी जनसभा को लखनऊ से प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा, पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा, मोहनलालगंज से प्रत्याशी  आर.के. चौधरी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष  सी.एल. वर्मा,  जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत ने सम्बोधित करते हुए इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
              

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!