मतदाता सूची में नाम जोड़ने को लेकर विशेष शिविर दर्जनों आवेदन मौके पर निपटाए गए

विशेष संवाददाता बिहार|कर्मक्षेत्र टीवी
सीवान: जिलाधिकारी के सख्त निर्देश पर लकड़ी नवीगंज प्रखंड के मदारपुर स्थित लोहिया भवन परिसर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं सुधार के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य योग्य नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना और मताधिकार से वंचित लोगों को त्वरित सुविधा प्रदान करना रहा।
शिविर का संचालन वरीय बीएलओ राकेश कुमार साह की देखरेख में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। शिविर के दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नाम में त्रुटि सुधारने, पता संशोधन समेत अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों ने आवेदन किया। मनु कुमार, आर्यन कुमार सहित दर्जनों पात्र नागरिकों ने फार्म-6 और फार्म-8 भरकर अपने आवेदन जमा किए।
इस विशेष शिविर की खास बात यह रही कि प्राप्त आवेदनों का निपटारा बीएलओ एप के माध्यम से ऑन द स्पॉट किया गया। इससे आवेदकों को लंबी प्रक्रिया से राहत मिली और उन्हें तुरंत संतोषजनक समाधान प्राप्त हुआ। मौके पर ही आवेदन स्वीकृत होने से लोगों में प्रशासन के प्रति भरोसा और बढ़ा।
वरीय बीएलओ राकेश कुमार साह ने बताया कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जो भी आवेदक निर्वाचन आयोग के नियमानुसार पात्र पाए जाएंगे, उनका नाम निश्चित रूप से मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी योग्य नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। इसी दिशा में प्रशासन लगातार प्रयासरत है और ऐसे विशेष शिविरों के माध्यम से आम लोगों को सुविधा दी जा रही है, ताकि वे आसानी से अपने मतदाता संबंधी कार्य पूरे कर सकें।
शिविर में वार्ड सदस्य मनोज कुमार सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।





