तांत्रिक की बेरहमी से हत्या, पत्नी के सामने काट डाला, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार


रिपोर्ट: उत्तर प्रदेश डेस्क


मुरादाबाद: कुंदरकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हरियाना में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया। गांव के 60 वर्षीय तांत्रिक गुलाब सिंह सैनी की चार हथियारबंद हमलावरों ने घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस निर्मम हत्या को तांत्रिक की पत्नी बूची सैनी ने अपनी आंखों के सामने होते देखा, लेकिन लाचार होकर कुछ नहीं कर सकी। वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।रंजिश में अंजाम दी गई दिल दहला देने वाली वारदात, पुलिस कर रही फरार हत्यारोपियों की तलाश

सीने, हाथ-पैर और प्राइवेट पार्ट पर किए कई वार
शनिवार रात करीब ढाई बजे चार हमलावर गुलाब सिंह के घर में घुसे। उस वक्त गुलाब सिंह आंगन में चारपाई पर सो रहे थे और बगल में दूसरी चारपाई पर उनकी पत्नी बूची सैनी सो रही थीं। हमलावरों ने सोते हुए गुलाब सिंह पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उनकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने इस दौरान उनके सीने, हाथ, पैरों और प्राइवेट पार्ट पर भी कई बार वार किया। पत्नी बूची सैनी चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन हमलावरों ने एक न सुनी और मौके से फरार हो गए।

पत्नी ने एक हमलावर को पहचाना
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बूची सैनी ने बताया कि उन्होंने हमलावरों में से एक को पहचान लिया है, जिसका नाम संजीव कुमार है। संजीव मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम संदलपुर का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले संजीव की बहन कामिनी की तबीयत खराब होने पर गुलाब सिंह ने झाड़फूंक से इलाज किया था, लेकिन उसकी मौत हो गई थी। तभी से संजीव तांत्रिक गुलाब सिंह से रंजिश रखता था और पहले भी उस पर हमला करने की कोशिश कर चुका था।

संघर्ष के निशान और खून से लथपथ आंगन
मृतक की बेटी पूजा ने पुलिस को बताया कि संजीव ने 11 महीने पहले भी उसके पिता के साथ मारपीट की थी, लेकिन पुलिस ने तब कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार रात के हमले के दौरान गुलाब सिंह ने हमलावरों से बचने की पूरी कोशिश की थी। आंगन में बिखरा सामान और खून यह साफ इशारा कर रहा था कि तांत्रिक ने जान बचाने के लिए संघर्ष किया था। उनका शव चारपाई के नीचे पड़ा मिला।

दो शादियों के बाद बंगाली पत्नी संग रह रहे थे गुलाब
गुलाब सिंह सैनी ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी लक्ष्मी से अलग होने के बाद उन्होंने बंगाल निवासी बूची सैनी से दूसरी शादी की थी। बूची से उनकी तीन बेटियां—पूजा, पूनम और मीनाक्षी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। गुलाब सिंह के पास लगभग छह बीघा कृषि भूमि थी। हत्या की खबर सुनते ही तीनों बेटियां मौके पर पहुंचीं और गमगीन माहौल में पिता का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी संजीव को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक (देहात) कुंवर आकाश सिंह, सीओ राजेश कुमार तिवारी और थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया। बूची सैनी की तहरीर पर आरोपी संजीव कुमार और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को मुख्य आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है। अन्य तीन अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!