भोजपुर में पूर्व मुख्यमंत्री पंडित बिंदेश्वरी दूबे की 105वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई

संवाददाता: तारकेश्वर प्रसाद

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के समर्पित सेनानी, लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित बिंदेश्वरी दूबे की 105वीं जयंती के अवसर पर भोजपुर जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा मंगलवार 14 जनवरी 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय शहीद भवन, आरा में एक भव्य एवं गरिमामय श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भोजपुर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री अशोक राम ने की।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित बिंदेश्वरी दूबे की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके संघर्षपूर्ण जीवन, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों को नमन किया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि पंडित बिंदेश्वरी दूबे का जीवन ईमानदारी, सादगी और जनसेवा की मिसाल है।

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक राम ने कहा कि पंडित बिंदेश्वरी दूबे केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीति में लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय के सशक्त प्रहरी रहे हैं। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में गरीब, वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। बतौर मुख्यमंत्री उन्होंने सिद्धांतों की राजनीति को प्राथमिकता दी और कभी भी अपने आदर्शों से समझौता नहीं किया।

अशोक राम ने कहा कि आज जब देश में संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं, ऐसे समय में पंडित बिंदेश्वरी दूबे के विचार और आदर्श हम सभी कांग्रेसजनों के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पंडित जी के बताए मार्ग पर चलते हुए लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के संघर्ष को और तेज किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पंडित बिंदेश्वरी दूबे की वैचारिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगी और उनके सपनों के समतामूलक, न्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक भारत के निर्माण के लिए पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पंडित बिंदेश्वरी दूबे के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, मुख्यमंत्री रहते हुए उनके साहसिक फैसलों और सिद्धांतनिष्ठ राजनीति पर विस्तार से प्रकाश डाला। नेताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को पंडित जी के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

श्रद्धांजलि समारोह में प्रोफेसर राजेंद्र ओझा, घनश्याम उपाध्याय, डॉ. अमित कुमार द्विवेदी, प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह, बीरेंद्र मिश्रा, रजी अहमद, खुशबू खातून, गजेंद्र चौधरी, अफजल हुसैन चांद, डॉ. मालती पाण्डेय, जितेन्द्र शर्मा, बिजेंद्र राय, प्रमोद राय, अशोक यादव, सूर्य प्रकाश, शिव कुमार प्रसाद, शैल देवी, डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, घनश्याम चौधरी, ओम नारायण, रमेश प्रसाद सहित दर्जनों वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन पंडित बिंदेश्वरी दूबे के आदर्शों को आत्मसात करने, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!