आरा में 5 करोड़ की हेरोइन बरामद: STF और भोजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, लग्जरी कार और नगदी भी जब्त


रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, आरा (बिहार)

बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोजपुर जिले के आरा में पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक सुनियोजित कार्रवाई में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है। साथ ही मौके से 1 लाख 27 हजार 490 रुपये नकद, एक लग्जरी कार, मोबाइल फोन, और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत अनाइठ मुहल्ले के कुर्मी टोला में की गई।

STF और भोजपुर पुलिस की बड़ी सफलता
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान अंकुश कुमार और इंद्रजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी भोजपुर जिले के अनाइठ मुहल्ले के निवासी हैं। पुलिस ने इन दोनों को मौके से दबोच लिया, जब वे हेरोइन की एक बड़ी खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। इस दौरान टीम ने 2 किलो 107 ग्राम हेरोइन जब्त की। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई हेरोइन की बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आँकी जा रही है।
इस कार्रवाई की जानकारी आरा सदर एएसपी परिचय कुमार ने एक प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन गुप्त सूचना के आधार पर किया गया था और STF तथा भोजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

दो चरणों में हुई बरामदगी
पुलिस के अनुसार, सबसे पहले एक लग्जरी कार की तलाशी के दौरान उसमें से लगभग 1 किलो हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद, पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य मकान पर छापा मारा, जहां से अतिरिक्त 1 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की गई। छापेमारी के दौरान बरामद अन्य सामानों में 2 मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, 1 एटीएम कार्ड, 4 पासबुक, और 4 चेकबुक भी शामिल हैं।

फरार मकान मालिक की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, जिस घर से दूसरी खेप की हेरोइन बरामद की गई है, उसका मकान मालिक फरार है और उसे भी आरोपी बनाया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। एएसपी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस जल्द ही इस मामले में और भी आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी।

यूपी से लाई गई थी हेरोइन
प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह हेरोइन की खेप उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से आरा लाई गई थी। यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप बिहार में किस-किस तक पहुंचाई जानी थी और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

उड़ता पंजाब के बाद उड़ता बिहार?
बिहार में लगातार सामने आ रहे मादक पदार्थ तस्करी के मामले अब एक नए खतरे की ओर संकेत कर रहे हैं। पंजाब की तर्ज पर बिहार में भी नशे का जाल फैलता नजर आ रहा है, जिसे स्थानीय लोग अब “उड़ता बिहार” कहने लगे हैं। हालांकि पुलिस और STF लगातार कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क को तोड़ने में जुटे हुए हैं। पिछले कुछ महीनों में ही बिहार पुलिस ने कई जिलों में करोड़ों की हेरोइन और अन्य मादक पदार्थों को जब्त किया है।

पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अगर उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की नशीली चीजों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इससे नशा मुक्त बिहार बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सकेगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!