होली से पहले वैशाली प्रशासन का बड़ा एक्शन

संवाददाता: मृत्युंजय ठाकुर
वैशाली जिले में आगामी होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और कानून-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के सख्त निर्देश पर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठकों में स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया था कि होली जैसे पर्व के दौरान अवैध शराब की तस्करी पर विशेष निगरानी रखते हुए बड़े खेप पर त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निर्देश के अनुपालन में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग, हाजीपुर द्वारा जिले के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 09 फरवरी 2026 को चकनौटा क्षेत्र में, जो मुजफ्फरपुर–समस्तीपुर जिला सीमा से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, थाना बलिगांव क्षेत्र अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान एक DCM ट्रक से 219 कार्टन विदेशी शराब, एक बोलेरो पिकअप वाहन से 73 कार्टन, जबकि एक अन्य बोलेरो वाहन से 48 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई।
इस तरह कुल 340 कार्टन अवैध विदेशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 3042.720 लीटर आंकी गई है, को जब्त किया गया। जब्त शराब की यह खेप काफी बड़ी बताई जा रही है और पुलिस मुख्यालय, पटना के रडार पर भी पहले से थी।
मामले को लेकर मद्य निषेध थाना, महुआ द्वारा विधिसम्मत अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संबंधित वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।
इस संबंध में जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मद्य निषेध विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी बनाए रखने और कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन जनहित में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि होली पर्व के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, नशाखोरी या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या उत्पन्न न हो।
वैशाली जिला प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।





